बक्सर के कृष्णाब्रह्म बड़का ढकाइच गांव में मजदूरी कराने के बहाने बुलाये गये मजदूर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि वाहन की बैटरी चोरी करने का आरोप लगाकर मजदूर को आम के पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया गया और लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई की गयी. घटना में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया. पीड़ित छोटक पासवान के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाने में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
छह लोगाें पर दर्ज की गयी है नामजद प्राथमिकी
प्राथमिकी में जूली दूबे, करिया दूबे और रोहित दूबे समेत अन्य को आरोपित बनाया गया है. पीड़ित के अनुसार, 11 सितंबर को कुछ लोगों ने उसे मजदूरी कराने की बात कहकर अपने घर के हाता में बुलाया था. वहां पहुंचने के बाद आरोपितों ने उसे आम के पेड़ से रस्सी से बांध दिया. इसके बाद वाहन की बैटरी चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की गयी. आरोप है कि पिटाई के बाद उसे जख्मी हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया. वही इस संबंध में कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
