चौसा नगर के हनुमान मंदिर गोला परिसर में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन सोमवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. कथावाचक आचार्य अतुल कृष्णजी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं का सजीव वर्णन कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया.
उन्होंने कहा कि भगवान की प्रत्येक लीला के पीछे जीव कल्याण का गूढ़ संदेश छिपा है. कथा के दौरान पूतना वध, माखन चोरी लीला, मिट्टी खाकर मुख में ब्रह्मांड दर्शन कराना, कालिया नाग दमन और मैया यशोदा के साथ प्रेमपूर्ण संवाद जैसी लीलाओं का मार्मिक चित्रण किया गया. आचार्य श्री ने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने वाले का सदैव कल्याण होता है और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है. सच्चा सुख संसार के विषय-भोगों में नहीं, बल्कि भगवान के चरणों में है. मानव जीवन का परम लक्ष्य भक्ति और प्रभु स्मरण है. इस अवसर पर गोवर्धन पूजा की महिमा और छप्पन भोग का भी विस्तृत वर्णन किया गया. कथा के बीच-बीच में भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए. पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा. श्रद्धालुओं ने कथा को जीवन में उतारने का संकल्प लिया.
आयोजकों ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर में भक्ति भाव के साथ जारी रहेगी और समापन पर भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा. स्थानीय ग्रामीणों सहित दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने कथा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
