स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा बक्सर प्रशासन, DM-SP ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

आगामी स्वतंत्रता दिवस के भव्य आयोजन को लेकर बक्सर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए.

Buxar news : बक्सर आगामी स्वतंत्रता दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित कर समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए.

किला मैदान में होगा मुख्य समारोह और सेरेमोनियल परेड

बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को किला मैदान, बक्सर में मुख्य राजकीय समारोह आयोजित होगा. इसी दौरान सेरेमोनियल परेड का आयोजन भी किया जाएगा. वहीं 16 अगस्त को डुमरांव स्थित शहीद पार्क में शहीद दिवस मनाया जाएगा. इसके अलावा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया जाएगा तथा स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा.

महादलित टोलों में भी फहराया जाएगा तिरंगा

डीएम ने निर्देश दिया कि पूर्व वर्षों की परंपरा के अनुसार सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एक-एक महादलित टोले में ध्वजारोहण करेंगे. इसके लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को महादलित टोलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर भवन और किला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा. प्रशासन ने इन कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूरी करने पर जोर दिया.

बारिश और बिजली व्यवस्था पर विशेष फोकस

संभावित वर्षा को देखते हुए नगर परिषद और भवन प्रमंडल के अधिकारियों को किला मैदान में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही समारोह स्थल और प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई, चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव 15 अगस्त की पूर्व संध्या तक पूरा करने को कहा गया. वहीं विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को झूलते और ढीले बिजली के तारों की मरम्मत कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >