बक्सर में बारिश के बीच मिट्टी की दीवार गिरी, मलबे में दबकर 80 वर्षीय वृद्ध की मौत; गांव में पसरा मातम

बक्सर के मुंगाव गांव में लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवार गिरने से 80 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Buxar News : लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है. कोरानसराय थाना क्षेत्र के मुंगाव गांव में सोमवार की सुबह मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गयी. दीवार के मलबे में दबने से 80 वर्षीय वृद्ध हरेन्द्र सिंह की मौत हो गयी. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घर में मौजूद थे हरेन्द्र सिंह, अचानक भरभराकर गिरी दीवार

मृतक की पहचान मुंगाव गांव निवासी हरेन्द्र सिंह, पिता स्व. हरिदयाल सिंह के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है. इसके कारण गांव में कई कच्चे मकान और मिट्टी की दीवारें कमजोर हो गयी हैं. सोमवार की सुबह करीब नौ बजे हरेन्द्र सिंह अपने घर में मौजूद थे. इसी दौरान अचानक घर की मिट्टी की दीवार उनके ऊपर गिर गयी.

मलबे में दबे वृद्ध को निकालने में जुटे ग्रामीण

दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर वृद्ध को बाहर निकालने का प्रयास किया. काफी प्रयास के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.

हादसे की खबर मिलते ही गांव में पसरा मातम

80 वर्षीय वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातमी माहौल हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों के सामने खतरा बढ़ गया है. कई मकानों और मिट्टी की दीवारों में दरारें आने की भी आशंका जतायी जा रही है.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ली घटना की जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही कोरानसराय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है. कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है.

बारिश में जर्जर मकानों से दूर रहने की अपील

हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से जर्जर और कच्चे मकानों से दूर रहने की अपील की है. बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने और कमजोर दीवारों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गयी है. लगातार बारिश को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >