Kesath Paddy Transplantation Buxar : बक्सर जिला के केसठ प्रखंड में हुई झमाझम बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है. लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब तेजी से धान की रोपनी में जुट गए हैं. बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने के कारण खेती के लिए अनुकूल माहौल बन गया है.
Buxar News : 28.2 मिमी वर्षा से धान की खेती को मिला संजीवनी
प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिवम वर्मा ने बताया कि रविवार को केसठ में 28.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई. यह बारिश धान की खेती के लिए बेहद लाभदायक है. पर्याप्त वर्षा से खेतों में नमी बनी हुई है और किसानों की सिंचाई पर निर्भरता भी कम होगी.
25 प्रतिशत क्षेत्र में पूरी हुई रोपनी, लक्ष्य 1955 हेक्टेयर
कृषि विभाग के अनुसार इस वर्ष प्रखंड में 1955 हेक्टेयर भूमि में धान की खेती का लक्ष्य रखा गया है. अब तक करीब 25 प्रतिशत क्षेत्र में धान की रोपनी पूरी हो चुकी है. विभाग का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा तो शेष खेतों में भी जल्द रोपनी पूरी कर ली जाएगी.
खेतों में बढ़ी किसानों की चहल-पहल, मजदूरों के साथ जुटे खेती में
किसान पप्पू यादव, पिंटू दुबे, सोनू तिवारी और संजय कुमार ने बताया कि बारिश के बाद प्रखंड के विभिन्न गांवों में खेतों में रौनक लौट आई है. किसान मजदूरों के साथ मिलकर तेजी से धान की रोपनी कर रहे हैं, जिससे खेती का काम गति पकड़ चुका है.
कृषि विभाग की अपील, समय पर पूरी करें रोपनी
कृषि विभाग ने किसानों से मौसम का पूरा लाभ उठाते हुए समय पर धान की रोपनी पूरी करने और विभाग द्वारा अनुशंसित उन्नत किस्मों के बीज का उपयोग करने की अपील की है. इससे बेहतर उत्पादन मिलने की संभावना बढ़ेगी.
