बक्सर. राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (जीईसी) बक्सर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा का परचम लहराते हुए राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय बांका में आयोजित राज्यस्तरीय 'हैकलिथ 1.0' हैकाथॉन में द्वितीय स्थान हासिल किया है. बक्सर कॉलेज की टीम 'नेक्साफोर्स' (Nexaforce) ने अपनी नवाचारी सोच से यह गौरवशाली उपलब्धि अपने नाम की. आयोजकों द्वारा विजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3,000 रुपये का चेक, आकर्षक ट्रॉफी और सभी सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
नागरिक समस्याओं का समाधान करेगा 'सिविकफिक्स एआई'
हैकाथॉन प्रतियोगिता में टीम नेक्साफोर्स ने अपना अभिनव प्रोजेक्ट 'सिविकफिक्स एआई' (CivicFix AI) प्रस्तुत किया, जिसकी जूरी सदस्यों ने भरपूर सराहना की. यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित एक अत्याधुनिक नागरिक समस्या रिपोर्टिंग और ट्रैकिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म है. इसके माध्यम से आम नागरिक अपने क्षेत्र की टूटी सड़कें, खराब स्ट्रीट लाइट, कचरे का ढेर, पानी की पाइपलाइन में रिसाव, क्षतिग्रस्त फुटपाथ और खुले मैनहोल जैसी गंभीर जनसमस्याओं की लाइव लोकेशन और फोटो अपलोड कर सीधे शिकायत दर्ज और ट्रैक कर सकते हैं.
क्यूवेन एआई से तस्वीरों की गंभीरता पहचानेगा सिस्टम
इस तकनीकी प्रोजेक्ट में आधुनिक क्यूवेन एआई (Qwen AI) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो अपलोड की गई तस्वीरों के आधार पर समस्या की श्रेणी और उसकी गंभीरता का ऑटोमैटिक आकलन करती है. प्लेटफॉर्म में रियल-टाइम शिकायत स्टेटस, हिस्ट्री, जीपीएस मैपिंग, नागरिक सत्यापन और अधिकारियों के त्वरित एक्शन के लिए समर्पित प्रशासनिक डैशबोर्ड की सुविधा दी गई है. आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस प्लेटफॉर्म को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में डिजाइन किया गया है.
टीम 'नेक्साफोर्स' के सदस्यों और मेंटर की सराहना
सफलता हासिल करने वाली टीम का नेतृत्व टीम लीडर बिरु कुमार ने किया, जबकि टीम में अमन कुमार हैप्पी, रितेश कुमार साह और प्रशांत कुमार प्रमुख सदस्य के रूप में शामिल रहे. इस पूरे प्रोजेक्ट को तैयार करने में कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. रीना कुमारी का तकनीकी मार्गदर्शन बेहद निर्णायक रहा. टीम की इस शानदार सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. राम नरेश राय ने सभी छात्रों और मेंटर शिक्षिका को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों द्वारा तकनीकी ज्ञान व एआई का उपयोग वास्तविक नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए करना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी है.
Also Read: बक्सर में चोरी की पल्सर लेकर भाग रहा था चोर, मामा-भांजे को टक्कर मारकर भागने की कोशिश नाकाम
