बक्सर क्राइम मीटिंग में SP का सख्त संदेश, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, अपराधियों पर करें त्वरित कार्रवाई

बक्सर में आयोजित क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने अपराध नियंत्रण और अनुसंधान की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायतें दी हैं. बैठक में लंबित मामलों, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई.

Buxar Crime Meeting : समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में रविवार को आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने अपराध नियंत्रण और अनुसंधान की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए. बैठक में जिले के दोनों अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी डीएसपी, पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.

Buxar News : अपराध और लंबित मामलों की हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में जिले में हुई आपराधिक घटनाओं, लंबित कांडों, गंभीर मामलों के अनुसंधान, वारंट और कुर्की के निष्पादन की बिंदुवार समीक्षा की गई. इसके अलावा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान, साइबर अपराध, वाहन चोरी, बैंक सुरक्षा, महिला एवं बाल अपराध, भूमि विवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर सुरक्षा तैयारियों का भी जायजा लिया गया.

थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान और साइबर अपराध के पीड़ितों की राशि जल्द रिकवर कराने पर विशेष जोर दिया. साथ ही संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, नियमित वाहन जांच और रात्रि गश्ती को और मजबूत करने के निर्देश दिए.

बेहतर काम की सराहना, लापरवाही पर फटकार

बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों की सराहना की गई, जबकि अपेक्षित प्रगति नहीं होने वाले मामलों में संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं

एसपी शुभम आर्य ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. अपराध और अपराधियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Onkar nath mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >