Buxar News : सिमरी प्रखंड में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब चोरों ने आस्था के केंद्र को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. एकौना गांव स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर माता रानी के श्रृंगार के कीमती आभूषण चोरी कर लिये. चोरी गये जेवरात की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी जा रही है. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है.
मुख्य द्वार का ताला तोड़कर मंदिर में घुसे चोर
बताया जाता है कि बुधवार की देर रात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया. इसके बाद मंदिर के अंदर प्रवेश कर माता रानी के श्रृंगार में लगे सभी कीमती आभूषण लेकर फरार हो गये. चोरी गये सामानों में माता की सोने की आंख, नथिया, मांग टीका, हार और मंगलसूत्र शामिल हैं. ग्रामीणों के अनुसार इन आभूषणों की कीमत करीब पांच लाख रुपये है.
सुबह पूजा करने पहुंची महिला श्रद्धालुओं को मिली जानकारी
गुरुवार की सुबह महिला श्रद्धालु जब पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचीं तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गये. मंदिर के अंदर जाने पर माता रानी के श्रृंगार के आभूषण गायब मिले. इसके बाद घटना की जानकारी देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गयी. बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गये.
मुखिया ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया अशोक राय भी मंदिर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस को चोरी की सूचना दी गयी. मंदिर के पुजारी शशिकांत राय ने बताया कि सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचने पर चोरी की घटना का पता चला. इसके बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गयी.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना मिलने के बाद सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया. पुलिस ने घटना से जुड़े बिंदुओं की जांच शुरू कर दी है. आसपास के इलाके में भी चोरों के संभावित रास्तों और गतिविधियों की जानकारी जुटायी जा रही है.
आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर चोरों की तलाश
सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी मिली है. आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.
