Buxar News : बक्सर जिला के डुमरांव रेलवे स्टेशन की पश्चिमी गुमटी पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का रविवार को स्थानीय विधायक राहुल सिंह ने उद्घाटन किया. इस दौरान विधायक ने निर्माण कार्य का जायजा लिया और कहा कि आरओबी का निर्माण मजबूत और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जायेगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर यातायात सुविधा मिल सके.
44 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा आरओबी
विधायक राहुल सिंह ने बताया कि करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी का निर्माण कराया जा रहा है. इसके तैयार होने के बाद रेलवे गुमटी पर लगने वाले जाम से लोगों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान वाहनों और पैदल यात्रियों को काफी परेशानी होती है. आरओबी बनने के बाद लोगों को फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और आवागमन सुगम होगा.
दोनों तरफ रेलवे बनाएगा संपर्क सड़क
विधायक ने बताया कि आरओबी के दोनों तरफ संपर्क सड़क का निर्माण भी रेलवे विभाग की ओर से कराया जायेगा. इससे मुख्य सड़क से आरओबी तक पहुंचने और वहां से आगे जाने में लोगों को सुविधा मिलेगी.
उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया. विधायक ने संबंधित एजेंसी और कर्मियों को तय मानकों के अनुसार काम पूरा करने का निर्देश दिया.
रेलवे फाटक पर जाम से मिलेगी निजात
डुमरांव में रेलवे गुमटी लंबे समय से जाम की समस्या का कारण बनी हुई है. ट्रेन के गुजरने के दौरान फाटक बंद होते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. इससे स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है.
आरओबी के निर्माण के बाद रेलवे फाटक पर निर्भरता कम होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों ने आरओबी का निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इसके पूरा होने से डुमरांव की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी.
कार्यक्रम के दौरान डुमरांव राज परिवार से शिवांग विजय, रेलवे विभाग के कनिष्ठ अभियंता सहित आरओबी निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे.
