डुमरांव दुष्कर्म मामला: प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, दोनों शिक्षक होंगे बर्खास्त; फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी

डुमरांव में छात्राओं से कथित दुष्कर्म के मामले में प्रधानाध्यापक की गिरफ्तारी के बाद शिक्षा विभाग ने दोनों आरोपित शिक्षकों को बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आरोपित शिक्षकों पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी की जा रही है.

Buxar School Rape Case : बक्सर के डुमरांव प्रखंड के मध्य विद्यालय नथुनी अहिर के डेरा में छात्राओं के साथ दो शिक्षकों द्वारा कथित तौर पर किए गए गंभीर दुर्व्यवहार के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को दोनों आरोपित शिक्षकों को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की घोषणा की. उन्होंने अधिकारियों को मामले में कानूनी और विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी के निर्देश

शिक्षा मंत्री ने बक्सर एसपी को निर्देश दिया है कि दोनों आरोपित शिक्षकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए. मंत्री ने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करायी जाए, ताकि पीड़ित छात्राओं को जल्द न्याय मिल सके.


डुमरांव के एक होटल में छापेमारी करती पुलिस

प्रधानाध्यापक मु. इमाम अली अंसारी गिरफ्तार

इधर, मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. इमाम अली अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनके निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है. खास बात यह है कि इमाम अली अंसारी का चयन राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए हुआ था. घटना के बाद जिला शिक्षा विभाग ने उन्हें पुरस्कार से वंचित करने के लिए विभाग को पत्र भेजा है.

आरोपी शिक्षकों की तलाश में छापेमारी तेज

डुमरांव के मध्य विद्यालय नथुनी अहिर के डेरा में छात्राओं से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और धमकी देने के आरोपों को लेकर डुमरांव के बीईओ को शोकॉज किया गया है. वहीं, दोनों आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है.

होटलों में भी पुलिस ने खंगाले कमरे

पुलिस बुधवार सुबह से ही डुमरांव में सक्रिय रही. वायरल वीडियो में नजर आ रहे कमरे की पहचान के लिए शहर के विभिन्न होटलों की भी जांच की गयी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित वीडियो कहां बनाया गया था. इस मामले में एक पीड़िता की मां के बयान पर प्रधानाध्यापक और दोनों आरोपित शिक्षकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.

देह व्यापार के आरोप पर एसपी ने कही यह बात

बक्सर एसपी शुभम आर्य ने बताया कि दोनों आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है. पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर जांच की है और ग्रामीणों से भी जानकारी ली है. उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.

कुछ लोगों द्वारा विद्यालय की पास आउट छात्राओं से देह व्यापार कराने के आरोप के संबंध में एसपी ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है. जांच के दौरान यदि इस तरह की कोई बात सामने आती है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वायरल वीडियो में दिख रही छात्रा को लेकर भी जांच

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने अपने प्रतिवेदन में दावा किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही लड़की विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा नहीं है. पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और इससे जुड़े सभी आरोपों की जांच कर रही है.

ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर विद्यालय में पदस्थापित सहायक शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और विद्यालय अध्यापक अरविंद कुमार पर छात्राओं के साथ दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और ऑडियो के माध्यम से धमकी देने समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस मामले में साक्ष्यों और सभी संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है.

Also Read : बक्सर में दो सरकारी शिक्षकों पर अपनी ही 12 छात्राओं से दुष्कर्म का आरोप, महीनों तक ब्लैकमेलिंग की, वीडियो वायरल किया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >