Buxar News : मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर प्लान बी के तहत चुरामनपुर मैदान में तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी लगातार चुरामनपुर मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. शनिवार को डीएम, उप विकास आयुक्त समेत अन्य पदाधिकारियों ने चुरामनपुर मैदान का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
साफ-सफाई और रंग-रोगन समेत अन्य तैयारियों की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मैदान की साफ-सफाई, रंग-रोगन, व्यवस्था और अन्य तैयारियों की जानकारी ली. इसके अलावा मैदान परिसर में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन और जीविका भवन का भी जायजा लिया गया. मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से परिसर को व्यवस्थित करने और सभी जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है.
Also Read : महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर अभाविप ने सांसद सुधाकर सिंह को सौंपा मांगपत्र
पंचायत सरकार भवन की दीवार में दरार बनी चर्चा का विषय
इन तैयारियों के बीच पंचायत सरकार भवन की दीवार में आयी दरार चर्चा का विषय बनी हुई है. खास बात यह है कि पंचायत सरकार भवन में आए दिन जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है. इसके बावजूद भवन की दीवार में आयी दरार पर अब तक किसी अधिकारी की नजर नहीं पड़ना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है.
Also Read : डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का लोकार्पण
नवनिर्मित भवन की स्थिति की जांच की जरूरत
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर जिस परिसर को चाक-चौबंद करने में प्रशासन जुटा है, उसी परिसर में नवनिर्मित सरकारी भवन की दीवार में दरार दिखाई दे रही है. ऐसे में भवन की स्थिति की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करना जरूरी माना जा रहा है.
Also Read : चक्की सीएचसी में सफाई व्यवस्था पर सवाल, पांच कर्मियों के काम करने के बावजूद रजिस्टर में नौ की हाजिरी
