Buxar News : लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के तहत त्वरित कार्रवाई का लाभ केसठ प्रखंड के खरवनीया गांव निवासी धनवंती देवी को मिला. भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने की समस्या को लेकर महीनों से परेशान धनवंती देवी ने 3 जून 2026 को अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, डुमरांव में परिवाद दायर किया था. मामले में त्वरित कार्रवाई के बाद उनकी भूमि का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज कर दिया गया और उनकी समस्या का समाधान हो गया.
शिकायत मिलते ही सीओ को जारी हुआ नोटिस
परिवाद पत्र के अवलोकन के बाद लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कुमारी मनीषा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक प्राधिकार के रूप में अंचल अधिकारी, केसठ को नोटिस जारी किया. साथ ही परिवाद का शीघ्र निवारण करने का निर्देश दिया गया. इसके बाद अंचल कार्यालय की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गयी.
परिमार्जन आवेदन का हुआ निष्पादन
जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद धनवंती देवी की ओर से परिमार्जन आईडी 263025844979844 के माध्यम से दिये गये आवेदन का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया. इसके साथ ही भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने से जुड़ी उनकी समस्या का समाधान हो गया.
महीनों से कार्यालयों के चक्कर लगा रही थीं आवेदिका
धनवंती देवी ने बताया कि भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए वह कई महीनों से परेशान थीं. समस्या के समाधान के लिए उन्होंने लोक शिकायत निवारण कार्यालय का सहारा लिया. परिवाद दायर होने के बाद मामले में त्वरित कार्रवाई हुई और उनकी समस्या का समाधान कर दिया गया.
समाधान के बाद व्यवस्था के प्रति जताया आभार
परिवाद के निवारण के बाद धनवंती देवी ने लिखित रूप से अपनी सहमति व्यक्त की. उन्होंने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी और बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के माध्यम से उनकी महीनों पुरानी समस्या का त्वरित समाधान संभव हो सका. मामले के निष्पादन के साथ परिवादी के परिवाद का सफलतापूर्वक निवारण कर दिया गया.
