बक्सर में 20 लाख की 240 पेटी शराब बरामद, पुलिस जीप को टक्कर मार भागा चालक; 12 चक्का ट्रक जब्त

बक्सर जिले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 12 चक्का ट्रक से 240 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है. 20 लाख रुपये की शराब लदे ट्रक का पीछा करते हुए तस्करों ने पुलिस जीप को तीन बार टक्कर मारी, लेकिन फिर भी वे पकड़े गए.

Liquor Seized in Buxar : बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 चक्का ट्रक से 240 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने ट्रक का कई किलोमीटर तक पीछा किया. ट्रक चालक ने बचने के लिए पुलिस जीप को तीन बार टक्कर मारने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार ट्रक छोड़कर नहर में कूदकर फरार हो गया. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है.

Buxar News : गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू किया पीछा

धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली कि भारी मात्रा में शराब लदा एक ट्रक क्षेत्र से गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और सिसौंधा इलाके से संदिग्ध ट्रक का पीछा शुरू किया. कर्मा गेट के पास ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की.

पुलिस जीप को तीन बार टक्कर मारने की कोशिश

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक ने पीछा कर रही पुलिस जीप को तीन बार टक्कर मारकर रास्ते से हटाने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष ने दिनारा की ओर से आ रही बस को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस वाहन को सड़क के बीच में खड़ा कर ट्रक का रास्ता रोक दिया. मजबूर होकर चालक ने ट्रक रोक दिया, लेकिन मौके का फायदा उठाकर नहर में कूद गया और फरार हो गया.

भूसे के नीचे बने तहखाने से मिली शराब की बड़ी खेप

ट्रक को जब्त कर थाना लाया गया, जहां उसकी सघन तलाशी ली गई. जांच के दौरान भूसे के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने से 240 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई. बरामद शराब में 97 पेटी 8 PM, 79 पेटी ब्लू लाइम, 25 पेटी रॉयल स्टेज, 29 पेटी गॉड फादर बीयर तथा 5 पेटी मैजिक मोमेंट्स वोडका शामिल है.

20 लाख की खेप, मालिक और तस्करों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि जब्त ट्रक का नंबर BR24CG3796 है. वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप रोहतास ले जाई जा रही थी. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है.

फरार चालक और खलासियों पर केस दर्ज

धनसोई थाना पुलिस ने फरार चालक और चार खलासियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे तस्करी नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Durga prasad son

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >