बक्सर: 20 लाख की शराब से भरा ट्रक जब्त, पुलिस जीप को टक्कर मारकर चालक नहर में कूदकर फरार

बक्सर में पुलिस ने 20 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त किया है. गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई में पुलिस को चकमा देने की कोशिश में चालक नहर में कूदकर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक के नीचे बने तहखाने से शराब बरामद की है.

Buxar News : गुप्त सूचना के आधार पर धनसोई थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक पुलिस को चकमा देकर नहर में कूदकर फरार हो गया. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है.

पीछा करने के दौरान पुलिस जीप को तीन बार मारी टक्कर

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सिसौंधा से ट्रक का पीछा शुरू किया. कर्मा गेट के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस जीप को तीन बार टक्कर मारकर भागने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए दिनारा की ओर से आ रही बस के बीच पुलिस वाहन लगाकर ट्रक को रोका गया. इसके बाद चालक ट्रक छोड़कर नहर में कूद गया और फरार हो गया.

भूसे के नीचे बने तहखाने से मिली शराब की बड़ी खेप

पुलिस ट्रक को जब्त कर थाने लाई, जहां तलाशी के दौरान भूसे के नीचे बने गुप्त तहखाने से 240 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई. बरामद ट्रक का नंबर BR24CG-3796 है. पुलिस वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है.

ये ब्रांड हुए बरामद

पुलिस के अनुसार जब्त शराब में 97 पेटी 8 PM, 79 पेटी ब्लू लाइम, 25 पेटी रॉयल स्टेज, 29 पेटी गॉड फादर बीयर, 5 पेटी मैजिक मोमेंट्स वोडका सहित कुल 240 कार्टन शराब शामिल है. पुलिस का अनुमान है कि इसकी बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये है.

रोहतास पहुंचाई जा रही थी शराब

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप रोहतास ले जाई जा रही थी. पुलिस ने फरार चालक और चार खलासियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Durga prasad son

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >