Dumraon Truck Accident : बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत मुरार थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तीन ट्रकों की भीषण टक्कर से अफरा-तफरी मच गई. मुरार खेल मैदान के समीप हुए हादसे में सीमेंट लदे ट्रक का चालक केबिन में फंस गया. स्थानीय लोगों और पुलिस की घंटों की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई.
Buxar News : ओवरटेक के दौरान हुआ भीषण हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ब्रह्मपुर में नो-एंट्री समाप्त होने के बाद भारी वाहनों की लंबी कतार बगेन-कोरानसराय मुख्य मार्ग से गुजर रही थी. इसी दौरान पश्चिम बंगाल नंबर (WB-23C-8027) के 12 चक्का ट्रक के चालक ने आगे चल रहे 18 चक्का हाइवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया. तेज रफ्तार और जल्दबाजी के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे सीमेंट लदे ट्रक से टकरा गया. इसके कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रहा 22 चक्का ट्रेलर भी दोनों वाहनों से जा भिड़ा. लगातार हुई टक्कर से तीनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
केबिन में फंसे चालक को घंटों बाद निकाला गया
हादसे में सीमेंट लदे ट्रक के चालक नरेश यादव (50), पिता कमलेश यादव, गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी तेज थी कि उनका पैर ट्रक के केबिन में फंस गया और वे बाहर नहीं निकल सके. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया. मुरार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर चालक
घायल चालक को तत्काल चौगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. अस्पताल के प्रभारी डॉ. मितेंद्र कुमार ने बताया कि चालक के बाएं पैर में चोट लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य है और फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं.
सीमेंट अनलोड कर हटाया जाएगा क्षतिग्रस्त ट्रक
मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरटेक के दौरान वाहन से नियंत्रण खोना सामने आया है. सड़क पर फंसे सीमेंट लदे ट्रक को हटाने के लिए पहले उसमें लदा सीमेंट उतारा जाएगा, इसके बाद क्रेन की मदद से वाहन हटाकर यातायात पूरी तरह बहाल किया जाएगा. पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
Also Read : बक्सर DM का प्रयास रंग लाया, 3 साल पुराना भूमि विवाद सुलझा, पीपराढ़ में बनेगा हाईटेक कचरा प्रबंधन केंद्र
