Buxar News : रविवार सुबह हुई झमाझम बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं चौसा क्षेत्र में जलजमाव की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बारिश के बाद चौसा यादव मोड़ स्थित पशु मेला के समीप चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है.
बारिश से खेतों में लौटी रौनक, किसानों को मिली राहत लगातार गर्मी और उमस के बाद हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ गई है. इससे धान समेत अन्य खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है. किसान बारिश को खेती के लिए राहत भरी सौगात मान रहे हैं. हालांकि, दूसरी ओर शहर और ग्रामीण इलाकों में जल निकासी की कमी अब बड़ी समस्या बनकर सामने आ गई है.
सड़क पर जमा पानी बना परेशानी का कारण चौसा यादव मोड़ के पास मेन रोड पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के किनारे बने जल निकासी मार्ग को बिना ह्यूम पाइप लगाए भर दिया गया है. वहीं नाला निर्माण नहीं होने से थोड़ी बारिश में ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है.
गड्ढों में तब्दील हो रही सड़क, हादसे का खतरा बढ़ा जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है. खासकर दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं. स्कूली बच्चों और पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता. नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था की जाए और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आने वाले दिनों में लोगों को परेशानी से बचाया जा सके.
