Buxar News : बक्सर जिला के चंदनकियारी प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्युत सब स्टेशन में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. करीब 10 से 12 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात स्विचमैन को रिवॉल्वर दिखाकर बंधक बना लिया और लाखों रुपये मूल्य के बिजली उपकरण चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद विद्युत विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
रिवॉल्वर दिखाकर कर्मी के हाथ-पैर बांधे
रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे स्विचमैन अशोक हेम्ब्रम ने बताया कि बदमाशों ने रिवॉल्वर के बल पर उन्हें कब्जे में लेकर हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद उन्हें स्विच रूम में बंद कर बाहर से दरवाजा लॉक कर दिया. बदमाश उनका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, ताकि वह किसी को सूचना न दे सकें.
सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मी ने खोला राज
सोमवार सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मी महावीर शर्मा ने सब स्टेशन का मुख्य गेट टूटा देखा. अंदर सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर स्विच रूम में अशोक हेम्ब्रम हाथ-पैर बंधे मिले. उन्हें मुक्त कराने के बाद तत्काल विभागीय अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई.
12 किलोमीटर तार और कॉपर कॉयल चोरी
सूचना मिलते ही चंदनकियारी थाना पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. विद्युत विभाग के एसडीओ नरेंद्र मिंज ने बताया कि बदमाश करीब 12 किलोमीटर बिजली तार, दो ट्रांसफार्मरों के तांबे के कॉपर कॉयल समेत अन्य कीमती उपकरण चोरी कर ले गए हैं. चोरी गए सामान का कुल मूल्यांकन किया जा रहा है.
10 से 12 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
एसडीओ नरेंद्र मिंज ने बताया कि स्विचमैन के अनुसार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें बंधक बनाया, जबकि बाकी लोग चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे. कुल 10 से 12 बदमाश घटना में शामिल थे. मामले में चंदनकियारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
