Buxar News : बक्सर जिले के खिलाड़ियों ने 16वीं बिहार राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता में ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है. प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 20 सितंबर 2026 तक पश्चिमी चंपारण के बेतिया स्थित खेल भवन में किया गया. दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के 22 जिलों के करीब 150 खिलाड़ियों ने सांशु (फाइट) और ताऊलू स्पर्धाओं में हिस्सा लिया. बक्सर जिले से 3 पुरुष और 9 महिला खिलाड़ियों का दल प्रतियोगिता में शामिल हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक अपने नाम किये.
पुरुष वर्ग में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
पुरुष वर्ग की सांशु स्पर्धा में बक्सर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में गोपी कुमार ने कांस्य पदक, अंडर-48 किलोग्राम भार वर्ग में गोलू कुमार ने रजत पदक और अंडर-90 किलोग्राम भार वर्ग में अमृत कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया.
Also Read : 28 सितंबर के राजभवन मार्च को लेकर करगहर पहुंचा छात्र-नौजवानों का जत्था, नुक्कड़ सभा में जुटे कार्यकर्ता
महिला खिलाड़ियों ने जीते आठ पदक
महिला वर्ग में बक्सर की खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में लक्ष्मी कुमारी, अंडर-48 किलोग्राम में दीक्षा कुमारी, अंडर-52 किलोग्राम में खुशी श्रीवास्तव, अंडर-56 किलोग्राम में प्रियांशु कुमारी, अंडर-65 किलोग्राम में निकिता कुमारी और अंडर-75 किलोग्राम में निभा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता. वहीं, अंडर-60 किलोग्राम भार वर्ग में माया कुमारी ने रजत तथा अंडर-70 किलोग्राम में सानिया भारती ने कांस्य पदक हासिल किया.
50 अंक के साथ टीम चैंपियनशिप में पहला स्थान
दल प्रशिक्षक लव शर्मा की देखरेख में खिलाड़ियों ने कुल 50 अंक अर्जित किये और टीम चैंपियनशिप में पहला स्थान हासिल किया. यह बक्सर जिले के लिए वुशू के क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बतायी जा रही है. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है.
संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने दी बधाई
बक्सर के खिलाड़ियों की इस सफलता पर बक्सर वुशू संघ के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, महासचिव मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सिंह सहित राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी है. सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी है.
Also Read : अवधूत भगवान राम की जयंती पर संगोष्ठी, धर्म-संस्कृति और समाजसेवा में योगदान को किया याद
