बक्सर में तेज रफ्तार थार ने युवक को रौंदा, इलाज के दौरान हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

Buxar Road Accident : बक्सर के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में एनएच-922 पर थार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया है.

Buxar Road Accident : नेशनल हाइवे-922 पर ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कृत सागर गांव के समीप एक तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण सड़क हादसे में बड़की नैनीजोर निवासी एक युवक की बक्सर अस्पताल में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. मृतक की पहचान नैनीजोर थाना क्षेत्र के बड़की नैनीजोर गांव निवासी देवेंद्र तिवारी के 32 वर्षीय बेटे जितेंद्र तिवारी के रूप में हुई है.

स्टेशन जाने के दौरान हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र तिवारी हैदराबाद की एक निजी कंपनी में काम करते थे. उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए डुमरांव स्टेशन जाना था. जितेंद्र को स्टेशन छोड़ने के लिए उनके भाई छोटे तिवारी और उनका एक दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे. जैसे ही उनकी बाइक एनएच-922 पर कृत सागर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार थार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम

टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बक्सर अस्पताल रेफर कर दिया. बक्सर अस्पताल में इलाज के दौरान जितेंद्र तिवारी ने दम तोड़ दिया, वहीं उनके भाई और दोस्त का इलाज अस्पताल में जारी है.

दुर्घटनाग्रस्त थार को छोड़कर चालक फरार

हादसे के बाद आरोपित चालक थार लेकर भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण वह ज्यादा दूर नहीं जा सका. चालक थार को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया. कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त थार कार को जब्त कर लिया है.

थार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में पूरी तरह कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस फरार थार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

Also Read : बक्सर के ऐतिहासिक वामन मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण को बिहार कैबिनेट की मंजूरी, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Santosh Kant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >