प्रतिनिधि, राजपुर. प्रखंड क्षेत्र के नागपुर पंचायत स्थित कजरिया गांव में रविवार की शाम रसोई गैस रिसाव के कारण एक घर में अचानक आग लग गयी. हादसे में घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर बर्बाद हो गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी.
खाना बनाने के दौरान अचानक भड़की आग
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम करीब 7:30 बजे घर की महिला रसोई में खाना बनाने गयी थी. सिलेंडर से पहले से गैस रिसाव हो रहा था, लेकिन परिवार के लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी. जैसे ही खाना बनाने के लिए माचिस जलायी गयी, गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरे घर में आग की लपटें फैल गयीं.
जान बचाकर घर से बाहर निकला परिवार
आग को तेजी से फैलता देख परिवार के सभी सदस्य अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकल गये. परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने पानी और बालू की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
गैस रिसाव अधिक होने के कारण आग काफी तेज थी. ग्रामीणों को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. आग बुझने तक घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर और कई महत्वपूर्ण कागजात जलकर राख हो चुके थे.
ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
स्थानीय ग्रामीण दिग्विजय पाण्डेय ने बताया कि ग्रामीणों की तत्परता और सहयोग से बड़ा हादसा टल गया. समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो जान-माल का और अधिक नुकसान हो सकता था. उन्होंने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है.
