बक्सर से आशुतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट
Buxar Prabhat Khabar Pratibha Samman Samaroh 2026 : बक्सर में प्रतिभाओं के सम्मान और उत्साह को नई उड़ान देने वाला प्रतिभा सम्मान समारोह दीप की उजली रोशनी के साथ भव्य तरीके से शुरू हुआ. जैसे ही मंच पर मौजूद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया, पूरा सभागार ज्ञान, मेहनत और उज्ज्वल भविष्य के संदेश से गूंज उठा. कार्यक्रम का उद्घाटन विकास आयुक्त निहारिका छवि, एटीएम लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान, एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर परिषद अध्यक्ष कैमरून निशा फरीदी और समाजसेवी वर्षा पांडेय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया. दीप की लौ ने मानो हर छात्र के सपनों को रोशनी दे दी.
प्रेरणा से भरे शब्दों ने बढ़ाया आत्मविश्वास
उद्घाटन के बाद मंच से छात्रों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. विकास आयुक्त निहारिका छवि ने कहा कि शिक्षा वह सीढ़ी है, जो हर बच्चे को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाती है. उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक और संस्कार के संतुलन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया. शशिकांत पासवान ने समय प्रबंधन और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि छोटी-छोटी उपलब्धियां ही बड़े सपनों को साकार करती हैं. वहीं एसडीएम अविनाश कुमार ने छात्रों को असफलताओं से घबराने के बजाय उन्हें सीख में बदलने की प्रेरणा दी और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
सपनों को सही दिशा देने का संदेश
एसडीपीओ गौरव पांडेय ने युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी. नगर परिषद अध्यक्ष कैमरून निशा फरीदी ने बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं. समाजसेवी वर्षा पांडेय ने कहा कि जब युवा शिक्षित और संस्कारी होंगे, तभी समाज का वास्तविक विकास संभव होगा.
खुशी और गर्व से झलके चेहरे
कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था. उनके अभिभावकों की आंखों में गर्व और संतोष दिखाई दे रहा था. पूरे समारोह का माहौल उत्साह, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहा. यह समारोह न केवल मेधावियों के सम्मान का मंच बना, बल्कि उन हजारों सपनों को भी नई दिशा दे गया, जो मेहनत और लगन के सहारे अपनी मंजिल तक पहुंचना चाहते हैं.
Also Read : सरकारी जमीन पर पेड़ों की कटाई में चार गिरफ्तार, कोचस थाना ने FIR से किया इंकार
