Buxar News: (ओंकार नाथ मिश्र) बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि अब अपराधियों में कानून का डर कम होता दिख रहा है. जहां अपराधी खुलेआम सार्वजनिक स्थानों पर भी हंगामा और बदसलूकी करने से नहीं चूक रहे हैं. ताजा मामला बक्सर के सदर अस्पताल से आया है. जहां उस वक्त अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गाया, जब इलाज के दौरान दो युवकों अस्पताल में हंगामा करने लगे. दोनो युवकों को हंगामा करना महंगा पड़ गया. सदर अस्पताल में हंगामा करना, एक पुलिस पदाधिकारी से बदसलूकी और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के आनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के इटाढ़ी निवासी अभिषेक कुमार (पिता मनोज कुमार पांडेय) और इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अविनाश कुमार (पिता विपिन चौधरी) के रूप में हुई है.
अस्पताल में कर रहे थे हंगामा
पुलिस के मुताबिक, इटाढ़ी गुमटी चौकी प्रभारी गुड्डू कुमार चौधरी गश्त पर थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पांडेयपट्टी में हुई एक मारपीट के सिलसिले में कुछ लोग घायल होकर सदर अस्पताल पहुंचे हैं. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि इलाज के दौरान दो युवक अस्पताल कर्मियों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज कर रहे थे. जिसके बाद उन्होंने दोनों को इस समझाने का प्रयास किया. लेकिन दोनों युवक नशे की हालत में उनसे भी उलझ गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिस अधिकारी की जाति पूछकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया. हंगामे के कारण अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस टीम के साथ हाथापाई
आरोपियों ने खुद को रसूखदार बताते हुए पुलिस टीम के साथ हाथापाई और मारपीट की. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं. घटना के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के इटाढ़ी रोड रेलवे क्रासिंग पोस्ट प्रभारी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नगर थाना में एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
जांच में नशे की पुष्टि, भेजे गए जेल
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. जांच के दौरान दोनों के नशे में होने की भी पुष्टि हुई है.
