बक्सर के ब्रह्मपुर में मानसून को लेकर तैयारियां तेज, सभी वार्डों में नाला सफाई अभियान शुरू

Buxar News: आगामी मानसून को देखते हुए नगर पंचायत ब्रह्मपुर ने जलभराव और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी वार्डों में नालों की व्यापक सफाई अभियान शुरू किया है. जेसीबी मशीनों और अतिरिक्त सफाईकर्मियों की मदद से नालों से वर्षों पुरानी गाद और कचरा हटाया जा रहा है.

Buxar News:(संतोष कांत) बक्सर में आगामी मानसून के दौरान नगर को जलभराव की समस्या से बचाने और संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से नगर पंचायत ब्रह्मपुर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिलाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत के सभी वार्डों में छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई का विशेष अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है. प्रशासन का लक्ष्य बारिश शुरू होने से पहले जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाना है, ताकि नगरवासियों को जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े.

जेसीबी मशीनों और अतिरिक्त सफाईकर्मियों की ली जा रही मदद

नगर पंचायत के मुख्य बाजार, प्रखंड मुख्यालय मार्ग तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सफाई कार्य चल रहा है. नालों में जमा वर्षों पुरानी गाद, पॉलिथीन और अन्य ठोस कचरे को हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनों को लगाया गया है.

वहीं संकरी गलियों और मोहल्लों के नालों की सफाई के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की विशेष टीमों को तैनात किया गया है. प्रशासन ने इस बार नई व्यवस्था लागू करते हुए निर्देश दिया है कि नालों से निकाली गई गाद और कचरे को सड़क किनारे छोड़ने के बजाय तत्काल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाए, ताकि दोबारा गंदगी न फैले और लोगों को बदबू की समस्या का सामना न करना पड़े.

व्यापारियों और नागरिकों ने जताई राहत

ब्रह्मपुर नगर पंचायत के कई निचले इलाके और मुख्य बाजार हर वर्ष मामूली बारिश में भी जलमग्न हो जाते थे. नालों के जाम होने से गंदा पानी दुकानों और घरों तक पहुंच जाता था, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस बार मानसून से पहले ही सफाई अभियान शुरू होने से जलभराव की आशंका काफी कम हो गई है. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन की इस पहल की सराहना की है.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

कार्यपालक पदाधिकारी शिव शक्ति कुमार ने कहा कि नगर के सभी नालों को मानसून से पहले पूरी तरह साफ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा, सफाई कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. मैं स्वयं वार्डवार निरीक्षण कर रहा हूं. यदि किसी क्षेत्र में लापरवाही या अधूरा कार्य पाया गया तो संबंधित ठेकेदार और सफाई नायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

नालों को कूड़ेदान न बनाएं

मुख्य स्वच्छता निरीक्षक ने नगरवासियों, विशेषकर दुकानदारों और महिलाओं से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा कि जब तक लोग प्लास्टिक, थर्माकोल, पॉलीथिन और अन्य कचरा नालों में फेंकना बंद नहीं करेंगे, तब तक समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नालों में कचरा फेंकते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नगर पालिका अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया जाएगा.

नई उम्मीद के साथ मानसून का इंतजार

नगर पंचायत द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष सफाई अभियान से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि इस बार बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी और नगर का जनजीवन सामान्य बना रहेगा.

Also Read:बक्सर के सहयोग शिविर में देर से पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारी, विधायक ने सुनी लोगो की समस्या

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >