बक्सर में नगर परिषद में सियासी तनाव, पार्षदों में बाद बढ़ा विवाद, थाने तक पहुंचा मामला

Buxar News: बक्सर नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव के बाद विवाद बढ़ गया है. वार्ड पार्षदों ने एक दूसरे पार्षद पर मानहानि और भ्रामक बयान देने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

Buxar News:(आशुतोष सिंह) बक्सर नगर परिषद में 29 मई 2026 को हुए सशक्त स्थायी समिति के चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. चुनाव सम्पन्न होने के कुछ ही घंटों बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद वार्ड पार्षदों ने नगर थाना पहुंचकर एक पार्षद के खिलाफ आवेदन दिया. वार्ड संख्या-10 के पार्षद राहुल कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर वार्ड संख्या-27 के पार्षद चक्रवर्ती चौधरी पर मानहानि और भ्रामक बयान देने का आरोप लगाया है. इस आवेदन पर नगर परिषद के अन्य वार्ड पार्षदों ने भी सहमति जताते हुए संयुक्त हस्ताक्षर किए हैं.

जानकारी के अनुसार, चुनाव सम्पन्न होने के बाद शाम करीब 6 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया कि मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामुतुल्लाह फरीदी ने सभी वार्ड पार्षदों को एक-एक लाख रुपये देकर वोट खरीदे और कुछ पार्षद पैसे लेकर घर चले गए. वार्ड पार्षद राहुल कुमार ने अपने आवेदन में इस बयान को पूरी तरह गलत, भ्रामक और आधारहीन बताया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोपों से नगर परिषद के सभी पार्षदों की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है और वे मानसिक रूप से परेशान हैं. इसे उन्होंने सुनियोजित तरीके से छवि धूमिल करने का प्रयास बताया.

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

वार्ड पार्षद राहुल कुमार ने नगर थानाध्यक्ष से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. साथ ही उन्होंने आरोपी पार्षद चक्रवर्ती चौधरी के खिलाफ आईटी एक्ट और मानहानि की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

देर रात थाने में पहुंचा मामला

आवेदन देने के लिए वार्ड पार्षद देर रात नगर थाना पहुंचे, जिससे वहां काफी देर तक हल्की अव्यवस्था की स्थिति बनी रही. पार्षदों ने थाना अध्यक्ष से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र जांच और उचित कार्रवाई की मांग की.

चुनाव के बाद बढ़ी सियासी हलचल

गौरतलब है कि 29 मई को नगर परिषद बक्सर में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न हुआ था. चुनाव के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के कारण नगर की राजनीति में तनाव बढ़ गया है. कई अन्य पार्षदों ने भी इस बयान पर नाराजगी जताई है.

फिलहाल नगर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें दिए गए बयान की मंशा की जांच कर रही है. इस दौरान वार्ड पार्षद दीपक सिंह, राजू कुमार राय, शाहबाज अख्तर, विनोद कुमार माली, हिटलर कुमार, चंदन कुमार पाठक सहित कई पार्षद और प्रतिनिधि मौजूद रहे.

Also News:रोहतास में विकास कार्य तेज, किसानों में खुशी की लहर, सिंचाई व्यवस्था सुधरने की उम्मीद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >