बक्सर में जमीन मापी के दौरान खूनी संघर्ष, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, चार घायल

Buxar News: बक्सर के पुराना भोजपुर गांव में जमीन की मापी के दौरान पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सरकारी अमीन की मौजूदगी में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया

डुमरांव से सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट
Buxar News:
बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना भोजपुर गांव में शनिवार की दोपहर जमीन की मापी के दौरान दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. इस खूनी मारपीट की घटना में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों की पहचान रमाकांत दास, श्रीकांत राम, गुल्लू कुमार और अमन कुमार के रूप में हुई है. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

लंबे समय से चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, पुराना भोजपुर निवासी रमाकांत दास का गांव के ही कुछ लोगों के साथ एक भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों ही पक्ष उक्त कीमती जमीन पर अपना-अपना दावा ठोक रहे थे, जिसके कारण इस क्षेत्र में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी. बताया जाता है कि इस गंभीर विवाद के स्थाई समाधान के लिए अंचल कार्यालय की ओर से सरकारी अमीन की नियुक्ति की गई थी और उन्हीं की देखरेख में जमीन की मापी कराई जा रही थी.

फोटो पर क्लिक कर रजिस्टर करें

अमीन के सामने ही आपस में भिड़े दोनों पक्ष

शनिवार को जब सरकारी अमीन मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि की पैमाइश (मापी) कर रहे थे, तभी अचानक दोनों पक्षों के लोग वहां जुट गए और उनके बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए. इसके बाद हुई ताबड़तोड़ मारपीट में चार लोग लहुलूहान होकर घायल हो गए. जमीन मापी के दौरान अचानक हुई इस हिंसक झड़प से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की भनक मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार तुरंत पुलिस बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र हो रहे लोगों को शांत कराकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और इलाके में शांति व्यवस्था बहाल कराई.

लिखित आवेदन मिलने पर दर्ज होगी FIR: थानाध्यक्ष

मामले को लेकर नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंच गई थी, जिससे स्थिति बिगड़ने से बच गई. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस भूमि विवाद और मारपीट के मामले में जिस पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त होगा, उसके आधार पर तत्काल नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और एहतियात के तौर पर नजर रख रही है.

Also Read: मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बक्सर में बोले MLA आनंद मिश्रा- योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों और युवाओं तक पहुंचा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >