बक्सर में क्रूरता की हदें पार: प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को निर्वस्त्र कर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने एक को दबोचा

Buxar News: बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में शनिवार की रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को बंधक बनाकर निर्वस्त्र करने और बेरहमी से पीटने का अमानवीय मामला सामने आया है. इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

Buxar News (डुमरांव से रोहित कुमार की रिपोर्ट ):
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव पंचायत के एक गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक के साथ कथित रूप से घोर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक को घर में पकड़कर बंधक बनाया गया, उसके बाद उसके सारे कपड़े उतरवाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई. इस खौफनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है.

शनिवार की रात प्रेमिका के बुलावे पर गया था युवक, परिजनों को लगी भनक

मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ही एक गांव का रहने वाला युवक शनिवार की रात अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उससे मुलाकात करने के लिए उसके घर पहुंचा था. बताया जाता है कि दोनों के मिलने की भनक युवती के परिजनों और आसपास के कुछ ग्रामीणों को लग गई. इसके बाद मौके पर पहुंचे आक्रोशित लोगों ने युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया और कथित तौर पर उसके साथ बेरहम मारपीट शुरू कर दी.

बंधक बनाकर किया अभद्र व्यवहार, गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, युवक को कुछ समय तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया तथा उसके साथ घोर अभद्र व्यवहार करते हुए उसकी जमकर पिटाई की गई. इस बर्बर मारपीट में युवक को शरीर पर कई गंभीर चोटें आने की भी सूचना है. घटना के दौरान वहाँ मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल से इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और आक्रोश देखा जा रहा है.

हालांकि इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. सामाजिक मर्यादा और संवेदनशीलता को देखते हुए इस बर्बर वीडियो अथवा उससे संबंधित तस्वीरों का प्रकाशन उचित नहीं माना जा रहा है.

नाटा डेरा गांव का रबिन्द्र यादव हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी. जांच के क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय थाना क्षेत्र के नाटा डेरा गांव निवासी रबिन्द्र यादव को हिरासत में ले लिया है, जिससे थाने में पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस वक्त वीडियो की सत्यता, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान तथा पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है.

इस संबंध में कृष्णाब्रह्म एसएचओ रवि कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य और नाम सामने आएंगे, उसके आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read: बिहार में बालू-पत्थर के धंधेबाजों पर कड़ा शिकंजा: 10 जून से दूसरे राज्यों की गाड़ियों के लिए ट्रांजिट पास जरूरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >