Buxar News : (गिरीश कुमार द्विवेदी) बक्सर जिले के केसठ प्रखंड के रामपुर पंचायत स्थित खरपुरा गांव में शिव मंदिर के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय रुद्र यज्ञ शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन-पूजन और भव्य भंडारे के साथ संपन्न हो गया. धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया.
तीन दिनों तक चला धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन और पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ. पूरे गांव का वातावरण शिवभक्ति और जयघोष से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से आयोजन पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.
प्रज्ञा पांडेय ने सुनाई भगवान शिव विवाह की कथा
प्रसिद्ध कथा वाचिका किशोरी प्रज्ञा पांडेय ने भगवान शिव विवाह की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया. उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि जहां मान-सम्मान नहीं हो, वहां नहीं जाना चाहिए. केवल माता-पिता, गुरु, स्वामी और सच्चे मित्र के यहां ही बिना निमंत्रण के जाना उचित है. उनके संगीतमय प्रवचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया.
भव्य भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की.
