Buxar News ( चौसा से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट ):
नगर पंचायत चौसा स्थित आदर्श उच्च विद्यालय के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी से मुलाकात की और विस्तृत ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने किया. उन्होंने मंत्री को बताया कि विद्यालय का भवन बेहद जर्जर हो चुका है, जिससे छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को गंभीर खतरा है. बरसात में स्थिति और विकट हो जाती है, छत से पानी टपकने के कारण शिक्षण कार्य बाधित होता है.
पुराने ढांचे को ध्वस्त कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन बनाने की मांग
सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि भवन का तकनीकी निरीक्षण कराकर पुराने ढांचे को ध्वस्त किया जाए और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन बनाया जाए. इसके साथ ही स्कूल में पर्याप्त कक्षाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण माहौल मिल सके.
शीघ्र चौसा का दौरा करेंगे शिक्षा मंत्री, डीपीआर तैयार करने का दिया निर्देश
शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि वे शीघ्र चौसा का दौरा कर स्वयं विद्यालय का निरीक्षण करेंगे. उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को डीपीआर यानी विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके.
मंत्री के आश्वासन के बाद स्थानीय अभिभावकों और छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर
शिक्षा मंत्री से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद क्षेत्र के अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों में खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों को अब पूरी उम्मीद है कि सरकार की ओर से जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे और आदर्श उच्च विद्यालय को नया, सुरक्षित और आधुनिक भवन मिल सकेगा.
Also Read: जेईई एडवांस में बक्सर के तीन छात्रों ने लहराया परचम, IIT बीटेक में हुआ चयन
