चौसा में अनाज गोदाम में दबने से 11 वर्षीय किशोर की मौत, हत्या का आरोप लगा परिजनों ने किया सड़क जाम

Buxar News: चौसा प्रखंड के सरेंजा गांव में रविवार शाम से लापता एक 11 वर्षीय बच्चे का शव सोमवार को अनाज गोदाम में गेहूं की बोरियों के नीचे दबा मिला. इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को बीच सड़क पर रखकर चौसा-कोचस मुख्य मार्ग जाम कर दिया है.

Buxar News(विनोद कुमार सिंह): बक्सर जिले के चौसा प्रखंड स्थित राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक अनाज गोदाम में गेहूं की बोरियों के नीचे दबने से 11 वर्षीय भगेलु चौहान की मौत हो गई. मृतक बेचन चौहान उर्फ बेचू चौहान का पुत्र था. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर शव को सड़क पर रख दिया और चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे आवागमन ठप हो गया है.

रातभर खोजबीन के बाद गोदाम में मिला शव

परिजनों के अनुसार भगेलु रविवार की शाम से ही लापता था. रातभर काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला था. सोमवार को स्थानीय बच्चों ने उसे गोदाम के पास दोस्तों संग खेलते देखने की बात कही. इसी शक के आधार पर जब ग्रामीणों ने गोदाम खुलवाया और अंदर बिखरी बोरियों को हटाया, तो उसके नीचे भगेलु का शव दबा हुआ मिला.

सड़क पर हंगामा, वाहनों की लगी लंबी कतारें

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जैसे ही जांच शुरू की, परिजन हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे. सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके कारण प्रशासन को रूट डायवर्ट करना पड़ा है. स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए मौके पर इटाढ़ी और मुफ्फसिल थाना की पुलिस को भी बुला लिया गया है.

वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े परिजन

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर जाम हटाने का काफी प्रयास किया. थानाध्यक्ष ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हैं. मौके पर पहुंचे चौसा अंचल पदाधिकारी नीलेश कुमार भी परिजनों को समझाने की कोशिश में जुटे हैं. हालांकि, परिजन मौके पर किसी वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है.

Also Read: 24 घंटे में 25 गिरफ्तारी, नवादा पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >