Buxar liquor Ban : (विनोद कुमार सिंह) बक्सर के चौसा प्रखंड अंतर्गत अंतर्राजीय यादव मोड़-गाजीपुर मार्ग स्थित चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. चेकिंग अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश से पिकअप में छुपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई.
पुलिस को देख चालक ने भगाई गाड़ी
चेकपोस्ट प्रभारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि यूपी से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी. इसी दौरान बिहार की ओर आ रही एक पिकअप को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज गति से भागने लगा.
पीछा कर पुलिस ने वाहन किया जब्त
पुलिस बल ने तत्काल पीछा करते हुए पिकअप को चौसा स्टेशन रोड के पास घेरकर जब्त कर लिया. हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.
2036 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद
जब्त पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें देशी और विदेशी शराब के कार्टून छुपाकर रखे मिले. कुल 2036 लीटर शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.
फरार चालक की तलाश, वाहन मालिक पर भी कार्रवाई
चेकपोस्ट प्रभारी ने बताया कि जब्त शराब और वाहन को थाने लाया गया है. फरार चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. वाहन स्वामी की पहचान कर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शराबबंदी कानून के तहत अभियान जारी
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में शराबबंदी कानून के तहत चेकपोस्ट पर लगातार सख्ती बरती जा रही है. अंतर्राजीय सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि यूपी से होने वाली शराब तस्करी पर रोक लगाई जा सके. इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा है.
