Buxar illegal weapons Raid : बक्सर शहर के शिवपुरी मोहल्ले से देर रात एक बड़ी पुलिस कार्रवाई की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात एक घर में छापेमारी कर अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है. इस दौरान पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार किया, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान घर से दो देसी कट्टा और एक स्वचालित देसी पिस्टल बरामद की गई. इसके अलावा आधा दर्जन जिंदा कारतूस और एक अतिरिक्त मैगजीन भी जब्त की गई है. इतनी बड़ी मात्रा में हथियार मिलने से यह आशंका और गहरा गई है कि शहर में किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क की गतिविधियां चल रही थीं.
Buxar News : गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, इलाके में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि पुलिस को काफी समय से इस इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. इसी आधार पर पूरी योजना बनाकर यह छापेमारी की गई. जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की, पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की भीड़ घर के बाहर जुट गई और हर कोई इस कार्रवाई को लेकर चर्चा करता नजर आया. लोगों का कहना है कि इस तरह के हथियारों का मिलना इलाके की सुरक्षा के लिहाज से बेहद चिंताजनक है.
Buxar Police : पुलिस अधिकारी ने सफलता की पुष्टि, बड़े खुलासे के संकेत
इस मामले में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने छापेमारी की सफलता की पुष्टि की है. हालांकि उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्यादा जानकारी साझा करने से फिलहाल परहेज किया है.
उन्होंने कहा कि पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से करेंगे. इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला सिर्फ एक छापेमारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है.
illegal weapons Raid : बड़े नेटवर्क की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का मानना है कि शिवपुरी जैसे घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह हथियारों का मिलना कई सवाल खड़े करता है. लोगों ने आशंका जताई है कि इसके पीछे किसी बड़े आपराधिक गिरोह का हाथ हो सकता है. पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि ये हथियार कहां से आए और इनका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या शहर में किसी बड़ी वारदात की साजिश रची जा रही थी.
बक्सर में हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है. हालांकि इस मामले में अभी कई अहम खुलासे होना बाकी हैं, लेकिन शुरुआती कार्रवाई ने शहर में सक्रिय अवैध हथियार नेटवर्क पर बड़ा वार किया है. आने वाले दिनों में पुलिस की जांच से इस पूरे मामले की परतें खुलने की उम्मीद है.
