बक्सर : बंद सिनेमा हॉल में सजती थी जुए की महफिल, पुलिस ने 1.43 लाख रुपये के साथ 15 को पकड़ा

Buxar News : डुमरांव पुलिस ने गुप्त सूचना पर शहर के एक बंद पड़े सिनेमा हॉल में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी में पुलिस ने 1.43 लाख रुपये की नकदी, ताश, मोबाइल और 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया है.

Buxar News : डुमरांव पुलिस ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के जंगल बाजार रोड स्थित वर्षों से बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल में संचालित जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने मौके से 15 लोगों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान दांव पर लगी 1 लाख 43 हजार 810 रुपये की नकदी, 150 पैकेट ताश, 14 मोबाइल फोन तथा एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल जब्त की गई. मामले में जुआ अड्डे के संचालक सहित कुल 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है.

गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी छापेमारी

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:05 बजे संतोषी सिनेमा के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली. सूचना का सत्यापन करने के लिए पुलिस अधिकारियों की टीम को सादे लिबास में भेजा गया. इसके बाद स्वयं थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. रात करीब 10:45 बजे सिनेमा हॉल की चारों ओर से घेराबंदी कर पुलिस ने अंदर प्रवेश किया, जहां एक हॉल में कई लोग जुआ खेलते मिले. पुलिस को देखते ही कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी के कारण सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया.

डेढ़ लाख के करीब नकदी और सामान बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 150 पैकेट प्लेइंग कार्ड, दांव पर लगी 1,43,810 रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन तथा हॉल के बाहर खड़ी एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल जब्त की. पुलिस ने मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड की गई.

संचालक ने कबूला जुआ खिलाने का धंधा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में मोनू चौरसिया ने स्वीकार किया कि बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल का संचालन उसी के पास है और वहीं पर नियमित रूप से जुआ खिलाया जाता था. उसने बताया कि जुआ खेलने आने वाले लोगों से वह पैसे वसूलता था और अधिक से अधिक लोगों को लालच देकर जुआ खेलने के लिए बुलाया जाता था. उसने इस काम में मोहन शर्मा की भी संलिप्तता स्वीकार की, जो फिलहाल फरार है.

छापेमारी जारी

पुलिस ने गिरफ्तार 15 लोगों के अलावा फरार मोहन शर्मा और बरामद मोटरसाइकिल के स्वामी को भी आरोपी बनाया है. सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112, 318(4) तथा बंगाल पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट, 1867 की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. गिरफ्तार सभी आरोपियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को थाना लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, फरार आरोपी मोहन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Also Read : बिहार पुलिस SI परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, बक्सर के 18 केंद्रों पर लागू रहेगी धारा-163



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sujeet Kumar

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >