बक्सर: खेत विवाद में जानलेवा हमला, पिस्टल के बट से फोड़ा सिर; सोने की चेन छीनने का भी आरोप

बक्सर के सिमरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के कारण एक किसान पर जानलेवा हमला हुआ है. खेत की मेड़ बनाने का विरोध करने पर किसान को लाठी-डंडों और पिस्टल के बट से पीटा गया. घटना में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया है.

Buxar Farmer Assault : सिमरी थाना क्षेत्र के डुमरी सिवान स्थित एक्सरहा में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. खेत की मेड़ बनाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान पर कथित रूप से लाठी-डंडों और पिस्टल के बट से हमला किया गया. घायल किसान ने सात नामजद और छह अज्ञात लोगों पर मारपीट, सोने की चेन छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सिमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.

खेत पर मेड़ बनाने का विरोध करने पर हमला

बड़का सिंहनपुरा निवासी सुरेंद्र नाथ ओझा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आठ जुलाई की शाम करीब छह बजे वह कमलेश यादव और कमलेश ओझा के साथ डुमरी सिवान स्थित अपने खेत पर पहुंचे. वहां कुछ लोग कथित रूप से उनकी जमीन पर मेड़ बना रहे थे. विरोध करने पर आरोपित गाली-गलौज करने लगे और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.

पिस्टल के बट से सिर और आंख पर वार

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विकास यादव ने पिस्टल के बट से उनके सिर और बाईं आंख पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और बाईं आंख से देखने में परेशानी हो रही है. वहीं जितेश यादव पर कंधे पर लाठी से हमला करने और चटरू यादव पर पैर में चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. अन्य आरोपितों पर भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है.

सोने की चेन छीनने और जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान विकास यादव ने उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली. साथ ही आरोपितों ने दोबारा खेत पर आने पर जान से मारने की धमकी दी. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जान बच सकी.

सदर अस्पताल में हुआ इलाज, हत्या की नीयत से हमले का दावा

घटना के बाद घायल का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी में कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहां उनके सिर का सीटी स्कैन और हाथ, पैर तथा छाती का एक्स-रे कराया गया. सुरेंद्र नाथ ओझा का कहना है कि उन पर हत्या की नीयत से हमला किया गया.

पीड़ित ने धर्मराज सिंह, वंशीधर सिंह, बृजबिहारी सिंह, जितेंद्र सिंह, चटरू यादव, विकास यादव, जितेश यादव समेत छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने जांच शुरू की

इस संबंध में सिमरी थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shaligram Buxar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >