Flood In Buxar: गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण कर्मनाशा नदी में आई बाढ़ का असर अब चौसा के बनारपुर गांव तक पहुंच गया है. गुरुवार को गांव के उत्तरी छोर पर बाढ़ का पानी रिहायशी इलाके के करीब पहुंच गया. जिस तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है, उससे निचले हिस्से में रहने वाले परिवारों के बाढ़ की चपेट में आने की आशंका बढ़ गई है.
हाईवे के करीब पहुंचा बाढ़ का पानी
बाढ़ का पानी चौसा गोला स्थित एमसी कॉलेज परिसर में भी प्रवेश कर गया है. वहीं, चौसा-मोहनिया मार्ग पर अखौरीपुर गोला के पास पुल के समीप पानी हाईवे से महज ढाई से चार फीट नीचे बह रहा है. जलस्तर में और बढ़ोतरी होने पर सड़क पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है.
24 घंटे जलस्तर पर नजर
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड में हैं. विभाग की ओर से बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी रखने का दावा किया गया है. जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि स्थिति बिगड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके.
सीओ ने प्रभावित गांवों का लिया जायजा
अंचलाधिकारी विजय प्रकाश ने रोहिनिभान, सिकरौल, तिवाय और बनारपुर समेत प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया. उन्होंने नोडल अधिकारियों और कर्मियों को अलर्ट रहने तथा जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया.
सीओ ने बताया कि फिलहाल बनारपुर के निचले हिस्से में ही बाढ़ का पानी पहुंचा है. प्रशासन की ओर से संभावित स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है.
