Arrah-Buxar NH-22 Accident : बक्सर में औद्योगिक क्षेत्र थाना के पड़री मोड़ के समीप बक्सर-आरा राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान सहोपरा गांव निवासी फूलचंद पांडेय के पुत्र मुकेश पांडेय के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार मुकेश पांडेय हाइवे पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल मुकेश को स्थानीय लोगों व परिजनों द्वारा तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
हाइवे जाम, टायर जलाकर जताया विरोध
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-922 को जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.
सूचना पर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी उच्चाधिकारियों को बुलाने और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे.
अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने और फरार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और हाइवे पर आवागमन सामान्य हुआ.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्थानीय लोगों के अनुसार मुकेश पांडेय टाटा मैजिक वैन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और घर के एकमात्र कमाने वाले थे. उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है. मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.
