सीएमआर आपूर्ति में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, जिला प्रशासन ने पैक्स और राइस मिलरों को दिया अल्टीमेटम

Buxar News : बक्सर जिला प्रशासन ने खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान के एवज में कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की आपूर्ति को लेकर सख्त रुख अपनाया है. लगभग 90% लक्ष्य पूरा होने के बावजूद 8,804 एमटी सीएमआर की आपूर्ति अभी भी शेष है. जिला प्रशासन ने पैक्स अध्यक्षों और राइस मिल संचालकों को समय सीमा में शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया है.

Buxar News : खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान के एवज में कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में आपूर्ति की प्रगति की समीक्षा की गई और शेष लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया.

करीब 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा, 8,804.21 एमटी सीएमआर की आपूर्ति शेष

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक कुल 78,768.58 मीट्रिक टन (एमटी) सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम, बक्सर को की जा चुकी है. यह निर्धारित लक्ष्य का 89.95 प्रतिशत है. वहीं 8,804.21 एमटी सीएमआर की आपूर्ति अभी शेष है.

समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रमा राम ने सभी पैक्स अध्यक्षों और राइस मिल संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पैक्स और राइस मिल संचालकों के साथ प्रतिदिन समन्वय स्थापित कर आपूर्ति कार्य में तेजी लाएं. यदि कोई समिति या मिलर जानबूझकर शिथिलता बरतता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए विभाग को अनुशंसा भेजी जाएगी.

एक्सेप्टेंस ऑर्डर की समस्या दूर करने के निर्देश

बैठक में कई पैक्स अध्यक्षों ने शिकायत की कि राज्य खाद्य निगम से समय पर एक्सेप्टेंस ऑर्डर नहीं मिलने के कारण सीएमआर आपूर्ति प्रभावित हो रही है. इस पर राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को सभी समितियों को अविलंब पर्याप्त संख्या में एक्सेप्टेंस ऑर्डर जारी करने का निर्देश दिया गया, ताकि सीएमआर जमा करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके.

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक, वरीय उप समाहर्ता-सह-विशेष कार्य पदाधिकारी, विभिन्न पैक्स एवं व्यापार मंडलों के अध्यक्ष, प्रबंधक, संबद्ध राइस मिल संचालक तथा सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी उपस्थित रहे. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Onkar nath mishra

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >