Buxar News : ब्रह्मपुर प्रखंड के चार विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान सामने आयी अनियमितताओं को लेकर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है. विभागीय जांच में विद्यालय संचालन से जुड़ी आवश्यक पंजियों के गायब रहने, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में कमी, शिक्षकों की लापरवाही और अनुशासनहीनता समेत कई मामले सामने आये. इसके बाद संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन और विभागीय कार्रवाई की गयी है.
विद्यालय में कई जरूरी पंजियां मिलीं गायब
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, ब्रह्मपुर की ओर से 25 अगस्त 2026 को मुखिया, ग्राम पंचायत निमेज, अभिभावकों और साधनसेवी की मौजूदगी में किये गये निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आयीं. निरीक्षण के दौरान समय-सारणी, रोकड़ पंजी, स्टॉक पंजी, मध्याह्न भोजन पंजी समेत कई आवश्यक अभिलेख गायब मिले. मध्याह्न भोजन में हरी सब्जी का उपयोग नहीं किये जाने और भोजन की गुणवत्ता असंतोषजनक पाये जाने की भी बात सामने आयी.
अनुपस्थित शिक्षिका को उपस्थित दिखाकर वेतन भुगतान
जांच के दौरान ई-शिक्षाकोष पर अनुपस्थित शिक्षिका को उपस्थित दिखाकर वेतन भुगतान किये जाने का मामला भी सामने आया. इसके अलावा शौचालय में खेल सामग्री और कॉपियां रखे जाने की बात भी निरीक्षण में सामने आयी. वित्तीय अनियमितता और कर्तव्यहीनता के आरोप में प्रभारी प्रधानाध्यापक राधामोहन यादव को बिहार सरकारी सेवक नियमावली, 2005 के तहत निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीआरसी राजपुर निर्धारित किया गया है.
Also Read : डुमरांव ग्रिड का 80 एमवीए ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए गुजरात भेजा गया
विशिष्ट शिक्षक योगेंद्र यादव पर भी कार्रवाई
ब्रह्मपुर शिक्षा पदाधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर मध्य विद्यालय गरहथा कला के विशिष्ट शिक्षक योगेंद्र यादव को भी निलंबित कर दिया गया. उन पर पाठ-टीका तैयार नहीं करने, गृहकार्य नहीं देने, समय-सारणी का पालन नहीं करने और मोबाइल में व्यस्त रहने का आरोप है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीआरसी इटाढ़ी निर्धारित किया गया है.
राकेश सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू
ब्रह्मपुर के पत्रांक 573 के आलोक में 25 अगस्त को मुखिया और अभिभावकों की मौजूदगी में मध्य विद्यालय गरहथा कला का निरीक्षण किया गया था. इस दौरान विशिष्ट शिक्षक राकेश सिंह पर पाठ-टीका तैयार नहीं करने, गृहकार्य नहीं देने, समय-सारणी का पालन नहीं करने और मोबाइल पर व्यस्त रहने के आरोप सामने आये. इसके बाद उन्हें निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गयी है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीआरसी केसठ निर्धारित किया गया है.
छात्रा से कंधा दबवाने का भी आरोप
ब्रह्मपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के प्रतिवेदन पर मध्य विद्यालय गरहथा कला के विशिष्ट शिक्षक रामबचन यादव को भी निलंबित किया गया है. 25 अगस्त के निरीक्षण में पाठ-टीका और गृहकार्य नहीं पाया गया. इसके अलावा छात्रा से कंधा दबवाने, मोबाइल पर व्यस्त रहने और अनुशासनहीनता के आरोप भी सामने आये. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय चक्की बीआरसी निर्धारित किया गया है.
Also Read : बक्सर के ज्योति चौक पर हंगामे के मामले में ‘छोटू बाबा’ समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी
छात्राओं से जुड़े मामले में शिक्षक गिरफ्तार
वहीं, छात्राओं के साथ कथित यौन शोषण के मामले में मो. इमाम अली को गिरफ्तार किये जाने की जानकारी प्रशासन की ओर से दी गयी है. प्रशासन के अनुसार, इस मामले में संबंधित शिक्षक के निलंबन की कार्रवाई भी की गयी है. मामले में पुलिस और विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई जारी है.
Also Read : बक्सर: नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और वीडियो बनाने के मामले में रेस्टोरेंट में छापेमारी, कमरा सील
