Buxar News : केसठ प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन के सभागार में बीएलओ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सौरभ ने की, जबकि संचालन अजय कुमार विक्रांत ने किया. इस दौरान सभी बीएलओ को निर्वाचन से जुड़े कार्यों को समयबद्ध और गंभीरता से पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में बीडीओ ने साफ तौर पर कहा कि मतदाता सूची को दुरुस्त करना बेहद जिम्मेदारी का काम है, इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य करने की सलाह दी.
प्रपत्र 6, 7 और 8 के बारे में दी गई जानकारी
बैठक में एप के माध्यम से प्रपत्र 6, 7 और 8 के निष्पादन को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए. बीडीओ ने बताया कि प्रपत्र-6 के जरिए नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ा जाएगा.
वहीं प्रपत्र-7 के माध्यम से ऐसे मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे, जो अब पात्र नहीं हैं. इसके अलावा प्रपत्र-8 का उपयोग मतदाता सूची में किसी भी तरह की त्रुटि को सुधारने के लिए किया जाएगा.
समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
बीडीओ विजय कुमार सौरभ ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि एप पर आने वाले मतदाताओं के कॉल और आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा करें. उन्होंने कहा कि समय पर काम पूरा करना बेहद जरूरी है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि जो भी बीएलओ इस कार्य में लापरवाही या उदासीनता दिखाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
निर्वाचन साक्षरता क्लब गठन की जिम्मेदारी
बैठक में राजकीय डिग्री कॉलेज में निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन को लेकर भी चर्चा की गई. इस कार्य के लिए कॉलेज के प्राचार्य और संबंधित बीएलओ को जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके.
कई बीएलओ रहे मौजूद
इस बैठक में मनोज कुमार, मुकेश कुमार, मुन्ना कुमार, योगेश कुमार, छाया कुमारी, निराशा कुमारी सहित अन्य बीएलओ उपस्थित रहे. सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर तरीके से कार्य करने का भरोसा दिलाया.
