Dumraon Student Rape Case : डुमरांव प्रखंड के मध्य विद्यालय नथुनी अहिर के डेरा की छात्राओं से दुष्कर्म के मामले में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये हैं. उन्होंने कहा है कि मामले में आरोपित दोनों शिक्षकों को बर्खास्त किया जायेगा. मंत्री ने बक्सर के एसपी को दोनों आरोपित शिक्षकों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है.
फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी मामले की सुनवाई
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करायी जायेगी, ताकि पीड़ित छात्राओं को जल्द न्याय मिल सके. उन्होंने इस संबंध में बक्सर के एसपी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है.
बर्खास्तगी का प्रस्ताव भेजने का निर्देश
मंत्री ने बक्सर के डीएम को भी निर्देश दिया है कि निलंबित किये गये दोनों शिक्षकों की बर्खास्तगी का प्रस्ताव अविलंब शिक्षा विभाग को भेजा जाये. शिक्षा विभाग ने मामले में दोनों शिक्षकों को पहले ही निलंबित कर दिया है.
प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, दोनों शिक्षक फरार
इधर, एक पीड़िता की मां के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाने में प्रधानाध्यापक और दोनों आरोपी शिक्षकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गुरुवार देर शाम पुलिस ने प्रधानाध्यापक मु इमाम अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, आरोपी शिक्षक विरेन्द्र प्रसाद और अरविंद कुमार फरार हैं.
आरोपित शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
आरोपी शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी है. टीम की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे कमरे की पहचान के लिए शहर के विभिन्न होटलों की भी तलाशी ली है.
शिक्षा विभाग ने बीइओ को भी किया शोकॉज
छात्राओं से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और धमकी देने के मामले में शिक्षा विभाग ने डुमरांव के बीइओ को भी शोकॉज किया है. वहीं, प्रधानाध्यापक मु इमाम अली अंसारी को मिलने वाला राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 रोक दिया गया है.
आरोपी शिक्षक के प्रमाणपत्र की भी जांच
जांच के दौरान आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार के टीचर ट्रेनिंग सर्टिफिकेट से जुड़ा पुराना मामला भी सामने आया है. जानकारी के अनुसार, 2023 में विभागीय जांच में उसका प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया था.
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने बताया कि दोनों आरोपी शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनायी गयी है. पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर जांच की है और ग्रामीणों से भी जानकारी ली है. उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.
देह व्यापार के आरोप की पुलिस को नहीं मिली जानकारी
कुछ लोगों की ओर से विद्यालय की पास आउट छात्राओं से देह व्यापार कराने का आरोप भी लगाया गया है. इस संबंध में एसपी ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है. जांच में ऐसी बात सामने आती है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.
