Buxar News : श्रीरामेश्वर मंदिर परिसर में शनिवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में हुआ. कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया. आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
रुद्राभिषेक के बाद शुरू हुई कथा
कथा प्रारंभ होने से पहले श्रीनाथ बाबा मंदिर के महंत शीलनाथ महाराज ने श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक किया. इसके बाद विधि-विधान से व्यास पीठ की पूजा-अर्चना की गयी. पूजा संपन्न होने के बाद कथा व्यास आचार्य रणधीर ओझा ने मंगलाचरण के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया.
भागवत जीवन को देती है सही दिशा
कथा व्यास आचार्य रणधीर ओझा ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन को सत्य, धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर ले जाने वाला दिव्य ग्रंथ है. इसके श्रवण से मनुष्य के भीतर आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है.
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में व्यक्ति मानसिक तनाव और अनेक तरह की परेशानियों से घिरा रहता है. ऐसे समय में सत्संग और धार्मिक कथा मन को शांति देने के साथ जीवन को सही दिशा प्रदान करती है.
भक्ति गीतों पर भावविभोर हुए श्रद्धालु
कथा के दौरान भक्ति गीतों और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. कथा पंडाल में लगातार ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंजते रहे. श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर कथा का आनंद लेते नजर आये.
9 सितंबर तक चलेगी भागवत कथा
आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 3 से 9 सितंबर तक प्रतिदिन किया जायेगा. समिति की ओर से बक्सर के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की गयी है.
