Buxar News : प्रखंड के अंचल कार्यालय में अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने परिमार्जन, एलपीसी, भू-अतिक्रमण, अभियान बसेरा-2, जल-जीवन-हरियाली, दाखिल-खारिज तथा सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों की हल्कावार समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान कई मामलों में प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
पंजियों के संधारण में लापरवाही पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अंचल कार्यालय में विभिन्न पंजियों का संधारण अद्यतन नहीं पाया गया. इस पर अपर समाहर्ता ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अंचलाधिकारी (सीओ) को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी पंजियों को अविलंब अद्यतन कराने और अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
भू-अतिक्रमण और दाखिल-खारिज मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के कई भू-अतिक्रमण मामले अब भी लंबित हैं. अपर समाहर्ता ने इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा में 35 दिनों से अधिक समय से लंबित 84 मामले तथा 75 दिनों से अधिक समय से लंबित दो मामले पाए गए. उन्होंने इन सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन कर लंबित मामलों की संख्या शून्य करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में नियमानुसार आम और खास सूचना का निर्गमन अनिवार्य रूप से किया जाए.
'अभियान बसेरा-2' के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
'अभियान बसेरा-2' की समीक्षा के दौरान बताया गया कि चिन्हित 896 पात्र परिवारों में से 813 परिवारों को भूमि आवंटित की जा चुकी है, जबकि 28 परिवारों को पर्चा वितरित किया गया है. अपर समाहर्ता ने शेष पात्र परिवारों को शीघ्र भूमि आवंटित करने और पर्चा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश राजस्व कर्मचारियों को दिया. इसके अलावा 'डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान' के तहत प्राप्त आवेदनों का अभिलेखों से सत्यापन कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
फरियादियों की शिकायतें सुनकर दिए समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने अंचल कार्यालय पहुंचे फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं. ग्राम देवढ़िया की चंद्रावती देवी ने भूमि विवाद, बघेलवा के बलिराम सिंह ने निबंधन कार्यालय की जांच रिपोर्ट, खीरी के वार्ड सदस्य रविंद्र नाऊ ने अतिक्रमण तथा राजपुर के राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और कंचन देवी ने परिमार्जन से संबंधित शिकायतें रखीं. अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
Also Read : नवादा में कुर्की-जब्ती करने पहुंची पुलिस के सामने नशे में पहुंचा फरार वारंटी, गिरफ्तार
