बक्सर : उत्पाद विभाग की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मिश्रवलिया श्मशान घाट पर छापेमारी कर 170 बोतल विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. गिरफ्तार तस्कर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज का रहने वाला रोशन कुमार बताया जाता है.
उत्पाद अधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम सूचना मिली कि एक युवक मिश्रवलिया श्मशान घाट पर शराब लेने के लिए बाइक से गया है. सूचना मिलते ही एक टीम का गठन कर मिश्रवलिया श्मशान घाट पर छापेमारी किया. जहां एक युवक को बाइक से आते हुए देखा गया.
पुलिस ने युवक को रोका और उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 170 बोतल विदेशी शराब बरामद हुआ. पुलिस ने उसके बाइक को भी जब्त कर लिया. उन्होंने बताया कि यूपी के रास्ते कुछ तस्कर मिश्रवलिया श्मशान घाट पर शराब लाकर इलाके में सप्लाइ करते हैं. रोशन भी शराब लाकर अपने गांव में बेचने का काम करता है. अभी उससे पूछताछ की जा रही है.
