बक्सर : केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री सह एनडीए भाजपा प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे के लिए जनता दल यूनाइटेड, लोक जनशक्ति पार्टी सहित बीजेपी के सभी मोर्चा व प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने चुनावी मोर्चा संभाल लिया है.
विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर भाजपा किसान, अनुसूचित जाति, युवा मोर्चा सहित जद यू-लोजपा के अन्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने बुधवार को भ्रमण कर अपने प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे के पक्ष में वोट मांगे.
भाजपा जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, जनता दल यूनाइटेड के जिलाध्यक्ष विंध्याचल कुशवाहा और लोजपा के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा मंडलों के अध्यक्षों ने राजपुर, डुमरांव, ब्रह्मपुर, बक्सर सदर, दिनारा, रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर बीजेपी के पक्ष में वोट देने की अपील की. बुधवार की सुबह महिला मोर्चा की टीम ने शहर में जनसंपर्क अभियान चलाकर भाजपा के समर्थन में मतदान करने की अपील की.
चौबे द्वारा गत पांच वर्षों में समूचे लोकसभा क्षेत्र के कोने-कोने में कराये गये विकास कार्यों से अवगत करवाया. इस दौरान जनता से मुखातिब अश्विनी चौबे ने कहा कि विकास का दूसरा नाम भारतीय जनता पार्टी है. गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री सह एनडीए भाजपा प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे जी का ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के केशवपुर, नियाजीपुर, गंगौली, राजपुर, एकौना, खरहाटांड में जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा.
