उत्तर प्रदेश से घोड़े पर लादकर बिहार लाई जा रही 126 लीटर शराब जब्त, बक्सर पुलिस को देखते ही तस्कर हुए फरार

बिहार के चक्की थाना क्षेत्र में पुलिस ने घोड़े पर तस्करी कर लाई जा रही 126 लीटर विदेशी शराब जब्त की। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, तलाश जारी है।

Buxar News : बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की तस्करी करने से बाज नहीं आ रहे हैं. बक्सर जिले के चक्की थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां तस्कर घोड़े पर शराब लादकर उत्तर प्रदेश से बिहार में प्रवेश कराने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस की सतर्कता से उनका मंसूबा विफल हो गया और 126 लीटर विदेशी शराब बरामद कर ली गई. हालांकि तस्कर घोड़े के साथ भागने में सफल रहा.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

चक्की थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मंगलवार तड़के सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से शराब की बड़ी खेप चक्की थाना क्षेत्र के रास्ते बिहार लाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लक्ष्मण डेरा भागर पुल त्रिमुहानी के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी.

पुलिस को देखकर घोड़ा लेकर भागा तस्कर

करीब सुबह चार बजे उत्तर प्रदेश की ओर से एक घोड़ा आता दिखाई दिया, जिसकी पीठ पर बोरे लदे हुए थे. घोड़े के साथ चल रहे युवक की नजर जैसे ही पुलिस पर पड़ी, उसने बोरे मौके पर ही फेंक दिए और घोड़े को लेकर वापस उत्तर प्रदेश की ओर भाग निकला. पुलिस ने पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया.

14 कार्टन में मिली 630 बोतल विदेशी शराब

पुलिस ने मौके पर पड़े बोरों की तलाशी ली तो उसमें 14 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब बंटी-बबली ब्रांड की थी, जिसमें 200 एमएल की 630 बोतलें थीं. बरामद शराब की कुल मात्रा 126 लीटर बताई गई है. पुलिस ने शराब जब्त कर थाना लाते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.

तस्करों की तलाश में छापेमारी जारी

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. फरार तस्कर की पहचान की जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार ओझा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >