पुलिसकर्मियों से हाथापाई, सड़क जाम, पथराव
बक्सर : मुफस्सिल थाने के इटाढ़ी रेलवे गुमटी के पास शुक्रवार की देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने नदांव पंचायत के पूर्व मुखिया खूंटी यादव की गोली मार कर हत्या कर दी. काफी करीब से सिर में दो गोलियां मारी गयी हैं. अपराधियों ने साथ रहे मृतक के पुत्र यशवंत कुमार पर गोलियां चलायीं, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया़ दोनों पिता-पुत्र शहर के गोलंबर स्थित अपनी मेडिकल की दुकान बंद कर स्कॉर्पियो से लालगंज स्थित घर लौट रहे थे.
इधर, घटना की जानकारी पर सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के समर्थकों पुलिस अधिकारियों की हाथापाई भी हुई तथा पुलिस को वहां से खदेड़ दिया. लोगों में गुस्सा इस कदर था कि सदर अस्पताल से सामान को बाहर निकाल कर फेंक दिया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सदर अस्पताल के सामने बक्सर-सासाराम मार्ग को शव रखकर जाम कर दिया. वहीं, आक्रोशितों को समझाने पहुंची पुलिस पर लोगों ने पथराव भी किया.
