पीड़िता के बयान पर पुलिस ने दर्ज की चार पर प्राथमिकी
डुमरांव : स्थानीय शहर के हाथीखाना रोड मुहल्ले में मनचलों द्वारा एक महिला के साथ अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है. पति ने जब इसका विरोध जताया तो मनचलों ने उसकी पिटाई कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और मौके से फरार हो गये. हो-हल्ला के बाद मुहल्ले के लोग पहुंचे और जख्मी को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज की़ घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव पुलिस पीड़िता के घर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पीड़िता ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करायी है. पीड़िता कपिलमुनि गेट निवासी रामू खरवार की पत्नी बतायी जाती है.
इस मामले में स्थानीय थाने के एसआई कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के दर्ज बयान में कहा गया है कि वह मंगलवार की शाम घर पर अकेली थी. इसी दौरान राजगढ़ चौक के रहनेवाले विकास कुमार, आकाश कुमार, अमित कुमार और अभिषेक कुमार दरवाजे पर पहुंच कर महिला के साथ गाली-गलौज करने लगे. जब महिला ने दरवाजा खोला तो उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी. शोरगुल सुन जब पति दरवाजे पर पहुंचा तो युवकों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. पिटाई के दौरान रामू का सिर फट गया और वह लहू-लुहान होकर गिर पड़ा. पुलिस ने बताया कि इस मामले को लेकर जांच शुरू कर दी गयी है. आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है.
