आत्मा की ओर से एक दिवसीय प्रखंडस्तरीय किसान कल्याण कर्मशाला संपन्न
बक्सर : सन 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के लिए सात सूत्री कार्य नीति का किसानों के बीच प्रचार-प्रसार करने को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिसके तहत कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अधिकरण बक्सर के तत्वावधान में बुधवार को किसान कल्याण कार्यशाला का आयोजन ज्योति प्रकाश चौक स्थित निजी सभागार में बुधवार को किया गया. कर्मशाला का उद्घाटन सदर प्रखंड के प्रमुख प्रतिनिधि हरेंद्र राय, उप प्रमुख विनय तिवारी, राष्ट्रीय कार्य समिति, भाजपा किसान मोर्चा के सदस्य परशुराम चतुर्वेदी, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के उपायुक्त संजय कुमार, डीएओ रणवीर सिंह व आत्मा पीडी देवनंदन राम ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के उपायुक्त संजय कुमार ने कहा कि 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करना है, जिसके लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है़ इन योजनाओं को किसानों तक जानकारी मुहैया कराने के लिए पूरे देश में बुधवार को किसान कल्याण कार्यशाला का आयोजन गया़ उन्होंने कहा कि आत्मा द्वारा समूह गठित कर योजनाओं का लाभ लेने से किसानों का विकास होना तय है.
डीएओ रणवीर सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 से पारदर्शिता के आधार पर सभी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जायेगा. मौके पर मौजूद प्रगतिशील कृषक अनिल कुमार राय ने आत्मा द्वारा गठित समूह के सुखद अनुभवों को कृषको के बीच साझा किया. कार्यक्रम का संयोजन प्रखंड कृषि पदाधिकारी दिनेश कुमार ने किया़ मौके पर पशु शल्य चिकित्सक, प्रखंड प्रसार पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित अनेक कृषक उपस्थित रहे.
