राजपुर/चौसा : थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर लेड़ही डेरा गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 19 वर्षीय नीलमणि सिंह को रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार लेड़ही डेरा गांव के त्रिवेणी सिंह यादव का 19 वर्षीय पुत्र नीलमणि सिंह डेहरी बाजार में डेयरी फार्म पर दूध लेकर गया था. दूध देकर साइकिल से वापस घर लौट रहा था. जैसे ही वह अपने गांव के समीप पहुंचा वैसे ही पीछे से बक्सर की तरफ से तेज रफ्तार में जा रही स्काॅर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक उछाल मारते हुए सड़क के किनारे गिर पड़ा.
जबकि स्काॅर्पियो में साइकिल फंसकर लगभग एक किलोमीटर तक घसीटता रहा. जोरदार आवाज होने के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत रोड की तरफ दौड़े लेकिन तब तक नीलमणि की मौत हो चुकी थी. इस घटना के तुरंत बाद गुस्साये ग्रामीणों ने चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. लोग मांग कर रहे थे कि जिलाधिकारी आएं. स्थानीय लोगों का आरोप था कि उक्त स्थान पर आये दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं. बावजूद इसके स्थानीय पुलिस इस ओर ध्यान नहीं देती है.
घटना की जानकारी के बाद एसडीपीओ शैशव यादव, राजपुर थाना अध्यक्ष और चौसा बीडीओ अरविंद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे लेकिन ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े थे तभी चौसा थर्मल पावर के मजदूर यूनियन के अध्यक्ष डॉ मनोज यादव, बीडीसी विनोद कुमार राय, पैक्स प्रतिनिधि मंजीत राय, राजेंद्र सिंह, रामआशीष कुशवाहा सहित अन्य लोगों के पहुंचने के बाद बीडीओ ने पहल करते हुए उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत की. इसके बाद पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के भाई को 20 हजार का चेक प्रदान किया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम को हटाया. जाम हटने के बाद यातायात को बहाल किया गया. बीडीओ ने श्रम संगठन योजना से मिलनेवाली राशि देने का आश्वासन दिया. साथ ही यह बताया कि अगर किसी मजदूर का निबंधन रहता है तो उसे चार लाख की सहायता राशि मिलती है.
