बक्सर : मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन से महज 100 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अमित कुमार सिन्हा से 50 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप व एक मोबाइल फोन छिन कर फरार हो गये. तीन बाइकों पर सवार नौ बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस इलाके को सील कर छापेमारी शुरू कर दी.
पुलिस के अनुसार लोढास ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अमित कुमार सिन्हा एसबीआई से पैसा निकाल कर बाइक से अकेले अपने गांव जगनपुर जा रहे थे. जैसे ही वह पुलिस लाइन को पार किये की पहले से घात लगाये तीन बाइकों पर सवार नौ अपराधियों ने विपरीत दिशा से आकर उनकी बाइक में धक्का मार दिया और उनके पास रहे नकद 50 हजार रुपये, उनका मोबाइल व एक लैपटॉप छीन कर बाइक सहित सभी फरार हो गये. अमित कुमार ने किसी तरह से इसकी सूचना मुफस्सिल थाने को दी. घटना की सूचना मिलते ही अन्य थानों की पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गयी.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष डीएन सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान पर नौ अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. वहीं पुलिस को शक है कि रुपये छीनने के लिए अपराधी बैंक से ही उनका पीछा कर रहे होंगे. पुलिस घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर अपराधियों की तलाश कर रही है. हालांकि अब तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
