मात्र 55 लाख रुपये ही होल्डिंग टैक्स मद में हुए प्राप्त
बक्सर : नगर पर्षद होल्डिंग टैक्स की वसूली में पिछड़ गया है. पिछले वित्तीय वर्ष 2017-18 में होल्डिंग टैक्स वसूली का एक करोड़ 98 लाख का लक्ष्य निर्धारित था. लक्ष्य के मुताबिक करीब 30 फीसदी ही कर की वसूली हो पायी है. नगर पर्षद के आंकड़े बताते हैं कि टैक्स मद में मात्र 55 लाख रुपये नगर पर्षद को प्राप्त हुआ. नगर पर्षद क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स देनेवालों की कुल संख्या 9400 है. पिछले वित्तीय वर्ष में कर की वसूली को लेकर नगर पर्षद द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर कैंप का भी आयोजन किया गया था लेकिन परिणाम शून्य रहा. लक्ष्य के अनुरूप कर की वसूली नहीं होने पर नगर पर्षद अपने बकायेदारों के यहां नोटिस भेजने की तैयारी में जुटा है.
कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के लिए भी एक करोड़ 98 लाख का लक्ष्य होल्डिंग टैक्स के लिए निर्धारित किया गया है. इस बार नगर पर्षद क्षेत्र में माइकिंग के माध्यम से कर दाताओं को जागरूक करने का काम करेगा. पुराने व बड़े करदाताओं को भेजे जा रहे नोटिस में ब्याज की राशि भी जोड़ी जा रही है.
सरकारी भवनों पर बकाया है एक करोड़ 60 लाख रुपये : होल्डिंग टैक्स की मद में सरकारी कार्यालयों पर कुल एक करोड़ 60 लाख रुपये का बकाया चला आ रहा है. पिछले वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए नगर पर्षद द्वारा जारी सूची में उक्त बातों चर्चा प्राथमिकता के आधार पर की गयी है. जारी सूची में 37 सरकारी भवनों व प्रतिष्ठानों के नाम होल्डिंग टैक्स का बकाया दिखाया गया है, जिसमें पूर्व के बकाये कर को भी जोड़ा गया है.
कर्मचारियों की कमी का रोना रो रहा नप : नगर पर्षद में कर्मचारियों की घोर कमी है. व्यवस्था के अनुरूप कर्मचारियों के नहीं रहने से कार्य प्रभावित हो रहा है. सृजित पद के हिसाब से यहां कर्मचारियों की कमी है. फिलवक्त यहां कर दारोगा का एक पद सृजित है, जिसमें एक कर दारोगा यहां कार्यरत हैं. जबकि सहायक कर दारोगा का कुल तीन पद सृजित हैं, जिसके एवज में मात्र एक ही कार्यरत हैं. कैश कलेक्टर का नगर पर्षद में 17 पद सृजित हैं, जिसमें मात्र एक ही कार्यरत हैं. कैशियर व कर पूर्ण निरीक्षक का पद रिक्त है.
कहते हैं अधिकारी
व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है. होल्डिंग टैक्स पर नगर पर्षद द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है. संबंधित बकायेदारों को नोटिस भेजा जा रहा है. कर की वसूली नहीं होने के एवज में नगर पर्षद विशेष कार्रवाई कर सकती है. कर्मचारियों की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है. इसकी जानकारी विभाग को भेजी जा रही है. संबंधित अपना बकाया राशि जल्द जमा कर दें.
राजीव कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी
